Jamshedpurक्राइम

निखार सबलोक हत्याकांड: सहारा सिटी में पुलिस की दबिश, आरोपियों की निशानदेही पर फ्लैट खंगाला

जमशेदपुर:- कदमा स्थित विजया हेरिटेज फेज-6 निवासी और होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस को लगातार नए सुराग मिल रहे हैं। मामले में गिरफ्तार सुनील रजक, रितेश सिंह और शूटर अंकित सिंह को चांडिल पुलिस ने 72 घंटे की रिमांड पर लिया है। तीनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सोमवार रात चांडिल और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम करीब पांच वाहनों के काफिले के साथ मानगो स्थित सहारा सिटी पहुंची। पुलिस टीम दो आरोपियों को साथ लेकर मेघा ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में पहुंची और उनकी निशानदेही पर गहन छानबीन की।

हत्या से पहले अपराधियों के ठहरने की सूचना

बताया जा रहा है कि हत्या से पहले इस मामले से जुड़े कुछ अपराधियों के सहारा सिटी में ठहरने की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सोमवार रात करीब 10 बजे पुलिस ने संबंधित फ्लैट में दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस ने सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ की और संदिग्ध लोगों के आने-जाने से संबंधित जानकारी जुटाई।

पुलिस को मिले अहम सुराग, आधिकारिक पुष्टि नहीं

सूत्रों के अनुसार, तलाशी और पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से मामले की विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार करते हुए सिर्फ इतना कहा कि हत्याकांड की जांच और अनुसंधान जारी है। छानबीन पूरी करने के बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर सहारा सिटी से निकल गई।

अब पुलिस जांच का फोकस इस बात पर है कि हत्या से पहले सहारा सिटी में कौन-कौन लोग ठहरे थे और उनका निखार सबलोक हत्याकांड से क्या संबंध था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!