आदित्यपुर:- आदित्यपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित धीरजगंज में एक महिला ने कुछ लोगों पर अपने पति के साथ मारपीट करने और घर से गैस सिलेंडर जबरन ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता जोबा हेम्ब्रम, पति विकास चंद्र गुप्ता, ने अपने आवेदन में घटना की पूरी जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे कार्तिक सरदार, बबलू सरदार, गौतम गोराई, बबलू कालिंदी, मनोज सरदार और महेश महतो उनके घर पहुंचे। महिला का आरोप है कि सभी लोग घर से गैस सिलेंडर ले जाने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उनके पति विकास चंद्र गुप्ता के साथ कथित तौर पर लात-घूंसों और लोहे की रॉड से मारपीट की, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह अपने पति को बचाने के लिए पहुंचीं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान कार्तिक सरदार और बबलू सरदार कथित रूप से बार-बार यह कह रहे थे कि “बिना मेयर की परमिशन लिए गैस एजेंसी क्यों लिया?”
महिला के अनुसार, उनके पति ने 4 लाख 90 हजार रुपये खर्च कर गैस का काम शुरू किया था और घटना वाले दिन ही एजेंसी का काम शुरू हुआ था। आरोप है कि काम की शुरुआत के पहले ही दिन विवाद और मारपीट की घटना हो गई।
पीड़िता ने शिकायत के साथ मामले से संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए हैं। उन्होंने आदित्यपुर थाना पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।




