*बड़ाजामदा में छात्रा से अवमानीय व्यवहार के विरोध पर युवकों पर हमला, पूर्व मंत्री गागराई ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित अवमानीय व्यवहार और उसके विरोध करने वाले स्थानीय युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मंगलवार को बड़ाजामदा पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और बाद में नोवामुंडी अस्पताल पहुंचकर घायल युवकों का हालचाल जाना।

पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने आरोप लगाया कि विगत दिनों अमन लॉज, बड़ाजामदा में किराये पर रह रहे किसी शाहबाज अंसारी की कथित अवैध खनन टीम से जुड़े कुछ युवकों ने एक आदिवासी छात्रा के साथ अमानवीय व्यवहार किया। इसका स्थानीय युवक प्रीतम गुप्ता और बिक्की सिंह ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध से नाराज युवकों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज टीएमएच नोवामुंडी अस्पताल में चल रहा है।

गागराई ने कहा कि हमला सुनियोजित तरीके से किया गया था। यदि दोनों युवक मौके से नहीं भागते तो उनकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा मामला अवैध खनन से जुड़ा हुआ है और प्रीतम गुप्ता तथा बिक्की सिंह अवैध खनन गतिविधियों में बाधा बन रहे थे।
पूर्व मंत्री ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के थाने पहुंचने और अल्टीमेटम दिए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर मामले में मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
गागराई ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन को लेकर कार्रवाई नहीं होना प्रशासन और सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द मामले में संज्ञान लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की और क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भाजपा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो मामले को विधानसभा और लोकसभा तक उठाया जाएगा तथा सर्वोच्च न्यायालय तक ले जाने की दिशा में भी कदम उठाया जा सकता है। आंदोलन की स्थिति में इसकी पूरी जवाबदेही पुलिस प्रशासन की होगी।
गागराई ने कहा कि भाजपा पीड़ित छात्रा और घायल युवकों के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने प्रशासन से सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की।
इस दौरान भाजपा सारंडा मंडल अध्यक्ष महेन्द्र महाकुड़, नोवामुंडी पूर्व जिला परिषद सदस्य शंभू हाजरा, भाजपा नेता अजीत सिंह, राय भूमिज, राजा तिर्की, संजीव राय, अशोक पान सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




