कोल्हान

*4.74 करोड़ की लागत से बनेगा जिला परिषद कर्मचारियों का बहुमंजिला आवासीय भवन*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित जिला परिषद के कर्मचारी आवासीय परिसर में कर्मचारियों के लिए बहुमंजिला आवासीय भवन का निर्माण कराया जाएगा। इस भवन के निर्माण पर 474.78 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मंगलवार को मंत्री दीपक बिरुवा और सांसद जोबा माझी ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित और नारियल फोड़कर किया। इसके बाद शिलान्यास शिलालेख का अनावरण किया गया।

मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि सरकारी व्यवस्था को बेहतर बनाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कर्मचारियों को अच्छी कार्य व्यवस्था के साथ बेहतर आवासीय सुविधा देना भी सरकार की प्राथमिकता है। इस भवन के निर्माण से जिला परिषद के कर्मचारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिल सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।

सांसद जोबा माझी ने कहा कि विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं का मजबूत होना जरूरी है। कर्मचारियों को कार्यस्थल के नजदीक आवास मिलने से उन्हें सुविधा होगी और प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी मदद मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही।

जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि जिला परिषद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी। गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।

मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने बताया कि जिला परिषद के माध्यम से कई विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। जर्जर विपणन भवन की जगह नया भवन और मझगांव में बस स्टैंड का निर्माण भी प्रक्रियाधीन है।

कार्यक्रम में जिला परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सविता टोपनो, जिला अभियंता राजू मरांडी सहित जिला परिषद के सदस्य और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!