कोल्हान

बड़ाजामदा में बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, छह घंटे जलमग्न रहा मुख्य मार्ग

गुवा संवाददाता। 23 अगस्त की शाम हुई मूसलाधार बारिश ने बड़ाजामदा शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही घंटों की बारिश में शहर का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया। बड़ाजामदा-नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर भट्ठीसाई पेट्रोल पंप के समीप पुल के ऊपर से तेज बहाव में पानी गुजरने लगा। पुल पूरी तरह डूब जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब छह घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।

तेज बहाव के बावजूद कुछ वाहन चालकों ने पुल पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बोलेरो और एक स्कॉर्पियो पानी में फंस गईं और बहने से बाल-बाल बचीं। स्थानीय लोगों ने धक्का देकर दोनों वाहनों को सुरक्षित किनारे पहुंचाया। कई मोटरसाइकिलें भी पानी में फंस गईं। मुर्गा महादेव जाने वाले कांवड़ियों समेत बड़ी संख्या में लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे।

स्थिति को देखते हुए बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस टीम के साथ मौके पर तैनात रहे। पुलिस ने लोगों को तेज बहाव के बीच पुल पार करने से रोकते हुए स्थिति संभाली। भारी जलभराव के कारण फुटबॉल मैदान और मिडिल स्कूल क्षेत्र पूरी तरह पानी में डूब गया। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षों पहले शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए चौड़ा और गहरा नाला था। लेकिन धीरे-धीरे अतिक्रमण और निर्माण के कारण नाला संकरा हो गया। वहीं, लौह चूर्ण, मिट्टी और कचरे से नालियां भी जाम हैं।

लोगों ने पुराने जल निकासी मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराने, नालियों की सफाई, नाले का चौड़ीकरण और गहरीकरण कराने तथा पुल की जल निकासी क्षमता बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!