Dumaria : JJKM केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम पर कथित जानलेवा हमला, गंभीर हालत में MGM रेफर
सिर में गंभीर चोट, प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर भेजा गया

- घटना के बाद समर्थकों में चिंता, पुलिस जांच का इंतजार
- जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी घटना की वास्तविक वजह
डुमरिया : झारखंड जनशक्ति क्रांतिकारी मोर्चा (JJKM) के केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार रात करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीरसिंह देवगम अपने गांव में मौजूद थे, तभी रंगामाटिया गांव के निवासी सेलाय देवगम द्वारा कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डुमरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा स्टील यूआईएसएल और जदयू की संयुक्त टीम ने कदमा के पांच क्षेत्रों का किया निरीक्षण, कई विकास कार्यों पर बनी सहमति
समर्थकों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
वर्तमान में बीरसिंह देवगम का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों, समर्थकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया। समर्थकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही घायल नेता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं भी जारी हैं।




