हुमिद में सड़क किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हुमिद में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव हुमिद स्थित गिरीधारी होटल के समीप मिला। सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति की मौत बीमारी या किसी अन्य स्वाभाविक कारण से हुई है अथवा मामला संदिग्ध है।
चांडिल थाना पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
अज्ञात शव मिलने की घटना के बाद हुमिद और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।




