11 हजार वोल्ट लाइन पर काम के दौरान मिस्त्री की करंट लगने से मौत, मुआवजा और नौकरी की मांग पर प्रदर्शन

नोवामुंडी: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के दुधबिला पंचायत स्थित बेतेरकेया गांव में गुरुवार को बिजली मरम्मत कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की लाइन पर कार्य कर रहे बिजली विभाग के मिस्त्री रवि चाम्पिया की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
.
जानकारी के अनुसार, रवि चाम्पिया सुबह करीब 9:30 बजे पोल पर चढ़कर बिजली तार जोड़ने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई, जिससे वे करंट की चपेट में आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी, 20 लाख रुपये मुआवजा तथा संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप था कि विभाग सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने में विफल रहा।
प्रदर्शन के दौरान आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य ने घटना की निंदा करते हुए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और नौकरी देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, विभाग की ओर से प्रारंभिक सहायता राशि, 10 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि मामले में विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।




