गोईलकेरा में अवैध बालू परिवहन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर बालू समेत जब्त

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बुधवार सुबह गोईलकेरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। जिला टास्क फोर्स ने पावर ग्रिड स्टेशन के समीप विशेष जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।

जांच के दौरान दोनों ट्रैक्टरों को रोककर चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध माइनिंग ट्रांजिट चालान की मांग की गई। हालांकि चालक और परिवहनकर्ता कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके अलावा बालू के वैध परिवहन के संबंध में भी वे संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे।
दस्तावेजों के अभाव में जिला टास्क फोर्स ने दोनों ट्रैक्टरों को बालू सहित जब्त कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई के लिए गोईलकेरा थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया। मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्थिति में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




