अरगुंडी हत्याकांड का खुलासा: छह आरोपी गिरफ्तार, मृतक का सिर और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित अरगुंडी गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए मृतक का सिर और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता में बताया कि कोटसोना नदी से एक व्यक्ति का हाथ, पैर और सिर विहीन शव मिलने की सूचना पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान शव की पहचान अरगुंडी गांव निवासी जोन गागराई (30 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने डॉग स्क्वायड और ग्रामीणों की सहायता से मृतक के दोनों हाथ और दोनों पैर बरामद कर लिए थे, लेकिन सिर नहीं मिला। इसके बाद मृतक के पिता गोपीनाथ गागराई के आवेदन पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मित्र उदय जामुदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने आपसी रंजिश के चलते अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी (टांगी) और हसुआ से हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के समीप स्थित एक कुएं से मृतक का सिर बरामद कर लिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त एक टांगी और एक हसुआ भी जब्त किया गया।
पुलिस ने इस मामले में सालुका जामुदा, वीरसिंह जामुदा, रामसिंह जामुदा उर्फ सिकंदर जामुदा, गणेश जामुदा, नारदे जामुदा और उदय जामुदा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
एसडीपीओ बहामन टूटी ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल के मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




