
- स्वच्छता और सतर्कता से मौसमी बीमारियों पर लग सकती है रोक
मनोहरपुर : मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बदलते मौसम के साथ मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, बदन दर्द और लूज मोशन जैसी शिकायतों को लेकर ओपीडी में पहुंच रहे हैं। अस्पताल में कराई जा रही रक्त जांच में अधिकांश मरीजों में वायरल फीवर के लक्षण पाए जा रहे हैं, जबकि कुछ मामलों में मलेरिया की भी पुष्टि हुई है। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव और संक्रमण के प्रसार के कारण वायरल बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सा कर्मी भी सतर्कता के साथ उपचार और जांच की व्यवस्था में जुटे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : बारिश के मौसम में सांपों का आतंक, घरों और झाड़ियों में निकलने से लोगों में दहशत
मौसम परिवर्तन से बढ़ा वायरल संक्रमण का खतरा
चिकित्सकों ने बताया कि मरीजों में तेज बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, हाथ-पैर और शरीर में दर्द के साथ दस्त की शिकायतें अधिक देखी जा रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि दूषित पानी का सेवन, अस्वच्छ वातावरण और बासी भोजन इन बीमारियों के प्रमुख कारण बन रहे हैं। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, उबला या स्वच्छ पानी पीने तथा ताजा एवं पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, उल्टी, दस्त या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो घरेलू उपचार पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। समय पर उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।




