
- वन विभाग से रेस्क्यू टीम और जागरूकता अभियान की मांग
मनोहरपुर : मनोहरपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया है। घरों के आसपास उगी झाड़ियां, जलजमाव और गंदगी वाले स्थान सांपों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनते जा रहे हैं। ताजा घटना मनोहरपुर रेलवे फाटक के समीप की है, जहां एक महिला घर बंद कर राशन लेने गई थी। वापस लौटने पर उसने देखा कि घर के अंदर एक लंबा काला सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ है। यह दृश्य देखते ही महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। शोर सुनकर सांप बिछावन के भीतर घुस गया, जिसके बाद पूरे परिवार में दहशत फैल गई। परिजनों ने सांप पकड़ने के लिए स्थानीय युवक कुशल मुखी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल बंद होने के कारण तत्काल सहायता नहीं मिल सकी।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : 150 गांवों की जीवनरेखा बनी जर्जर सड़क, निर्माण की मांग को लेकर दुखनी सोरेन ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
घरों में सांप निकलने से बढ़ी लोगों की चिंता

वहीं दूसरी ओर मनोहरपुर पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने स्थित झाड़ियों में एक अजगर देखे जाने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अजगर की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और सुरक्षित दूरी बनाकर उसे देखने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में सांपों का आबादी वाले क्षेत्रों में आना लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में विशेष रेस्क्यू टीम की व्यवस्था की जाए तथा सांपों से बचाव और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जाए। ग्रामीणों का मानना है कि समय पर कार्रवाई से संभावित हादसों को रोका जा सकता है।




