Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

टाटा बाईपास में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण, प्रथम पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब

चाईबासा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को चाईबासा के टाटा बाईपास रोड स्थित उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक बहादुर उरांव ने किया। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने पुष्प अर्पित कर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, झींकपानी थाना प्रभारी राजीव रंजन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती विभिन्न चौक-चौराहों पर की गई थी।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक निरल पुरती ने कहा कि अलग झारखंड राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान हजारों लोगों ने उत्पीड़न सहा, कई लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए और अनेक आंदोलनकारियों ने जेल यात्राएं भी कीं। उन्होंने वर्ष 1997 के आंदोलन को याद करते हुए कहा कि चाईबासा, सोनुआ, मनोहरपुर और बड़ाजामदा सहित कई क्षेत्रों में आंदोलनकारियों पर लगातार कार्रवाई होती थी, लेकिन दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व और प्रेरणादायक भाषणों ने युवाओं में नया जोश भर दिया।

उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन केवल राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि पहचान, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई थी। राज्य गठन के बाद सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय विकास हुआ है। उन्होंने नई पीढ़ी से आंदोलन के इतिहास और शहीदों के योगदान को याद रखने तथा दिशोम गुरु के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रतिमा अनावरण के बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया।

इस अवसर पर विधायक सोनाराम सिंकू, विधायक सुखराम उरांव, विधायक जगत माझी, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!