एसजे डीएवी स्कूल में नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने दिया डेंगू से बचाव का संदेश

चाईबासा: एसजे डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में मंगलवार को विशेष प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को डेंगू से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। हंसराज सदन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर डेंगू रोकथाम का प्रभावी संदेश दिया।

विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने कहा कि डेंगू जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय स्वच्छता बनाए रखना और आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने तथा परिवार और समाज को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका ईशिका कुमारी ने विद्यार्थियों को डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एडीज मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए घरों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी और रिपेलेंट के उपयोग की भी सलाह दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। पूरब पॉल, सोहम माइती, आरव पॉल, वेदांश सतपथी, आराध्य चौहान, अरिशा सलाम और सान्वी ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से स्वच्छता, डेंगू से बचाव और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। नाटक में दिखाया गया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखे तथा जल जमाव न होने दे, तो डेंगू जैसी बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा डेंगू उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। मंच संचालन आयुषी दास ने किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को समाज में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।




