कोल्हान

*राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर अधिकार मित्रों के बीच कार्यक्रम आयोजित*

चाईबासा: राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर 9 नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), चाईबासा की ओर से अधिकार मित्रों के बीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह डीएलएसए के प्रभारी सचिव अक्षत श्रीवास्तव ने कहा कि 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के तहत गठित प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों तक न्याय की पहुंच आसान बनाना और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक और अन्य संसाधनों की कमी के कारण कई लोग न्यायालय तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे लोगों को निशुल्क एवं सुलभ कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न माध्यमों से कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

अक्षत श्रीवास्तव ने अधिकार मित्रों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आम लोगों तक विधिक सेवाओं की जानकारी और निशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने में अधिकार मित्रों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि कानूनी सेवाओं और विभिन्न अधिनियमों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। अधिकार मित्रों को अपनी जानकारी लगातार बढ़ाते रहना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर मार्गदर्शन और सहायता मिल सके।

उन्होंने कहा कि सुंदर और सभ्य समाज के निर्माण के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। अधिकार मित्रों ने विधिक सेवाओं के प्रचार-प्रसार में अपनी अलग पहचान बनाई है और आम लोगों को उनसे काफी उम्मीदें हैं।

इस अवसर पर एलएडीसी अधिवक्ता सुरेंद्र प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद दास और अधिकार मित्र विकास दोदराजका ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकार मित्र उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!