कुमारडुंगी दोहरे हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; जमीन विवाद और पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गंडकीदा गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, चाईबासा में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (जगन्नाथपुर) रफायल मुर्मू ने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 को गंडकीदा गांव स्थित सरकारी तालाब के पास एक महिला और एक पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान डूयां सिंकू (44) और रोयवारी उर्फ गोरवारी सिंकू (42), दोनों निवासी गंडकीदा, थाना कुमारडुंगी के रूप में हुई।
मृतक की बहू शीला सिंकू के लिखित आवेदन पर कुमारडुंगी थाना कांड संख्या 18/26, दिनांक 31 जुलाई 2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि की।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय गागराई उर्फ रोड़ो गागराई (22), गिरधारी काँडाकेल उर्फ भुकलू उर्फ दासो (28), चन्द्रमोहन पूर्ति उर्फ दारा (25) तथा पांडू काँडाकेल (36) शामिल हैं। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, डंडा, कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि पांडू काँडाकेल का जमीन पर लगे नीम के पेड़ को काटने को लेकर विवाद था, जबकि अन्य तीन आरोपियों का मृतकों से हड़िया पीने और मुर्गे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार इन्हीं पुरानी रंजिशों के चलते दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
इस मामले के खुलासे के लिए गठित विशेष छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू, अंचल पुलिस पदाधिकारी झींकपानी, कुमारडुंगी थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक मिलन करमाली, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




