उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में अनियमितता का आरोप, भाजपा ने डीसी से उच्चस्तरीय जांच की मांग

नोवामुंडी: नोवामुंडी प्रखंड के पेटेता पंचायत अंतर्गत ग्राम पेटेता टोला संगागुटू में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चंद्र मोहन गोप ने कहा कि 13 जुलाई को इस मामले में समाचार प्रकाशित होने के बावजूद निर्माण कार्य की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि भवन निर्माण में तय गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। शिकायत के अनुसार फाउंडेशन में लाल ईंट की जगह डस्ट का उपयोग किया गया है। साथ ही मजदूरों को निर्धारित मजदूरी से कम भुगतान, दूसरे राज्य के मजदूरों से कार्य कराने तथा निर्माण स्थल पर योजना और प्राक्कलित राशि संबंधी सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
उन्होंने कार्यपालक अभियंता और संवेदक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि पेटेता और समीपवर्ती सुकरीपाड़ा गांव में इन दिनों मलेरिया का प्रकोप बढ़ा हुआ है। ऐसे में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा साबित होगा, इसलिए निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
भाजपा नेता ने उपायुक्त से मांग की है कि निर्माण कार्य की अविलंब उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित अभियंताओं, संवेदक और अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुवा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राई भूमिज, भाजपा मीडिया प्रभारी विनीत कुमार गोप तथा मुकेश दास ने भी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग का समर्थन किया।




