कोल्हान विश्वविद्यालय की छात्र समस्याओं पर सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी से मिले छात्र प्रतिनिधि

जमशेदपुर, 2 अगस्त: कोल्हान विश्वविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया और अन्य छात्र समस्याओं को लेकर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष उदय मुर्मू एवं पूर्व सचिव पीपुन बारिक ने रविवार को सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी से मुलाकात की। छात्र प्रतिनिधियों ने मांग-पत्र सौंपते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया प्रभावित है। एडमिशन सूची जारी होने में देरी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के कारण छात्रों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधियों ने कहा कि समय पर नामांकन नहीं होने से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें बार-बार विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने छात्र प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है और विश्वविद्यालय में पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुचारु नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान समाजसेवी हरीश देवगम एवं बुढ़ान हेंब्रम भी मौजूद रहे।




