MGM अस्पताल में होमगार्ड जवानों पर युवकों की पिटाई का आरोप,

जमशेदपुर: जमशेदपुर के MGM अस्पताल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, दो युवक अपनी अस्पताल में भर्ती बहन का हालचाल जानने के लिए बार-बार वार्ड में आ-जा रहे थे। उनकी बहन की सर्जरी होनी थी, इसलिए उन्हें लगातार अंदर जाना पड़ रहा था।

आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने युवकों से बार-बार आने-जाने का कारण पूछा। युवकों ने बताया कि उनकी बहन की हालत गंभीर है और इसी वजह से उन्हें अस्पताल के अंदर जाना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इसके बाद होमगार्ड जवान नाराज हो गए और कई जवानों ने मिलकर दोनों युवकों की डंडों से पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट इतनी अधिक हुई कि डंडे तक टूट गए।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल इस मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है। साथ ही, घटना को लेकर आधिकारिक जांच रिपोर्ट और संबंधित पक्षों का बयान आना बाकी है।




