उपायुक्त मनीष कुमार ने जिला कल्याण कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, छात्रवृत्ति और साइकिल योजना की समीक्षा

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को जिला समाहरणालय परिसर स्थित जिला कल्याण कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और अभिलेखों के संधारण का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं तथा साइकिल वितरण योजना से संबंधित अभिलेखों और दस्तावेजों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के पहुंच सके।
उपायुक्त ने कार्यालयीय अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, प्रशिक्षु आईएएस, परियोजना निदेशक आईटीडीए सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।




