15 हजार से अधिक लोको पायलटों को मिला आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम की बड़ी उपलब्धि

जमशेदपुर: टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम ने रेलवे सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए 15,159 से अधिक लोको पायलटों को व्यावहारिक एवं व्यापक प्रशिक्षण प्रदान किया है। यह प्रशिक्षण रेलवे भर्ती बोर्ड से चयनित नव-नियुक्त लोको पायलटों और रिफ्रेशर कोर्स में शामिल कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र में दिया गया।

इसके अलावा जेडआरटीआई, एमडीटीआई, लोको शेड तथा कैरेज एवं वैगन विभाग के लगभग 4,000 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया।

रेल सिविल डिफेंस टीम ने रेलवे हाई स्कूल, श्यामा प्रसाद कॉलेज, एल.वी.एस.एम. विद्यालय और गोलमुरी केरल पब्लिक समाजम हाई स्कूल के विद्यार्थियों को भी आपदा से बचाव, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित कार्य करने का प्रशिक्षण दिया।
स्वास्थ्य संस्थानों में सदर अस्पताल खासमहल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुगसलाई, मानगो और निमडीह में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं मरीजों को अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, सर्पदंश से बचाव और आपदा प्रबंधन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम का कहना है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने, राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रेलवे सुरक्षा के साथ-साथ समाज में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




