Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

2 अगस्त को होगा ‘परख ओलंपियाड’, बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन सख्त, उपायुक्त मनीष कुमार ने दिए अहम निर्देश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट परख–तैयारी उड़ान की” के तहत उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा की तैयारियों, शैक्षणिक गतिविधियों और आधारभूत संरचना की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आगामी मैट्रिक बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि 2 अगस्त 2026 को जिले के तीनों अनुमंडल मुख्यालयों के चयनित विद्यालयों में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए ‘परख ओलंपियाड’ आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी का मूल्यांकन किया जाएगा और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी विद्यालयों को अधिकतम विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में केवल परीक्षा तैयारी ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने ‘प्रोजेक्ट चेंज’ के तहत सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, बड़ों के सम्मान, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और शिक्षा के महत्व जैसे विषयों पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा विद्यालय भवन, अतिरिक्त कक्ष, चारदीवारी और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने शिक्षकों और प्राचार्यों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!