Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpur

परसुडीह पुलिस ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक, नशा, साइबर अपराध और अंधविश्वास से बचाव का दिया संदेश

जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर परसुडीह थाना की ओर से कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत एबीएमपीए उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी अविनाश कुमार, विद्यालय की प्रधानाचार्या संगीता रंजन, शिक्षक शंभूनाथ महतो, मुकेश कुमार रजक तथा एएसआई संदीप कुमार उपस्थित रहे। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, साइबर ठगी से सतर्क रहने और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की 108 एम्बुलेंस सेवा के बारे में बताते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में इसका लाभ उठाया जा सकता है। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि ऐसी मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है और समाज को इनके खिलाफ जागरूक होना चाहिए।

इस दौरान पुलिस विभाग एवं सरकार द्वारा जारी विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और पुलिस अधिकारियों से उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या संगीता रंजन ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!