पूर्वी सिंहभूम के 50 खिलाड़ी डूरंड कप 2026 एक्सपोज़र विजिट के लिए रांची रवाना, राष्ट्रीय स्तर के खेल अनुभव से होंगे रूबरू

जमशेदपुर, 29 जुलाई 2026:खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के निर्देश पर 135वीं डूरंड कप 2026 के अवसर पर आयोजित एक्सपोज़र विजिट कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले के 50 खिलाड़ियों का दल बुधवार को रांची के लिए रवाना हुआ। खिलाड़ियों का दल बस के माध्यम से बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी पहुंचकर राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेगा।

इस एक्सपोज़र विजिट के दौरान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन, खेल प्रबंधन, आधुनिक तकनीकों और अनुभवी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता, खेल भावना और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है।
रांची रवाना हुए दल में पूर्वी सिंहभूम जिले के कदमा स्थित डे-बोर्डिंग वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र और बिष्टुपुर स्थित डे-बोर्डिंग हैंडबॉल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक एवं सहयोगी कर्मी भी भेजे गए हैं, ताकि पूरी यात्रा और कार्यक्रम को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।
जिला खेल विभाग ने कहा कि इस तरह के एक्सपोज़र कार्यक्रम खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन का अनुभव खिलाड़ियों को भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद करेगा। विभाग ने सभी खिलाड़ियों को सफल सहभागिता और उज्ज्वल खेल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।




