
- स्वास्थ्य के साथ सामाजिक सहयोग का भी मिला लाभ
डुमरिया : डुमरिया प्रखंड के कांटाशोल पंचायत अंतर्गत पीतामोहाली प्राथमिक विद्यालय परिसर में कलामंदिर के सहयोग से TSDPL यूनियन एवं उसकी DACHS टीम द्वारा मंगलवार को निःशुल्क प्राथमिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर सबर जनजाति एवं अन्य ग्रामीण समुदायों को उनके गांव के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में पीतामोहाली, सतबाखरा, घाघदा, मरांगसोंघा और नुनिया गांव के कुल 272 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाएं अपने गांव के नजदीक उपलब्ध होने पर खुशी जताई और इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताया।
इसे भी पढ़ें : Gua : लगातार बारिश से घर पर गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचा परिवार
दूरस्थ गांवों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा की पहल, दवाइयों के साथ जरूरतमंदों के बीच बांटे गए वस्त्र
चिकित्सा शिविर के दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच वस्त्रों का भी वितरण किया गया। TSDPL की ओर से डॉ. आशीष, गौरव एवं DACHS टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं और विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक किया। वहीं पीतामोहाली के ग्राम प्रधान सुरू टुडू ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कलामंदिर की ओर से आनंद, तेजप्रताप, बिनीत, परेश, गालु और महेश्वर सहित अन्य सदस्यों ने पंजीकरण, व्यवस्था एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। ग्रामीणों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर जनजातीय एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं। आयोजकों ने भी भविष्य में इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का भरोसा जताया।




