Dumaria : डुमरिया में ‘उन्नति का पहिया’ योजना का शुभारंभ, विधायक संजीव सरदार ने विद्यार्थियों को बांटी साइकिलें
368 छात्र-छात्राओं को मिलेगा योजना का लाभ, दूरदराज के विद्यार्थियों को मिलेगी नई रफ्तार

- शिक्षा ही विकास की मजबूत नींव : संजीव सरदार
- विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का संदेश
डुमरिया : डुमरिया प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया’ साइकिल वितरण योजना के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पोटका विधायक संजीव सरदार ने छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान कर किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के कक्षा आठ के कुल 368 छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ना और उनकी पढ़ाई को सुगम बनाना है।
इसे भी पढ़ें : Potka : प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विधायक संजीव सरदार का सहयोग, उपलब्ध कराए जर्सी, गद्दा और तिरपाल
शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार की महत्वपूर्ण पहल
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि डुमरिया प्रखंड के कई गांवों से छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में साइकिल मिलने से उन्हें आवागमन में काफी सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी। इससे विद्यार्थियों की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक और भौगोलिक बाधाओं को कम करते हुए बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखना है। ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है। अभिभावकों ने भी सरकार और जनप्रतिनिधियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इसे भी पढ़ें : मैट्रिक बोर्ड परीक्षा-2027: बेहतर रिजल्ट के लिए जिला प्रशासन की बड़ी तैयारी, मेधावी छात्रों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
साइकिल से आसान होगा स्कूल तक का सफर
विधायक संजीव सरदार ने अपने संबोधन में कहा कि ‘उन्नति का पहिया’ योजना विद्यार्थियों की शिक्षा यात्रा को नई गति देने वाली पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। विद्यार्थियों से उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई करने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि शिक्षा समाज और राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव है तथा शिक्षित युवा ही भविष्य का निर्माण करते हैं। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी नीलेश कुमार मुर्मू, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मनीष बारी, जिला परिषद सदस्य पार्वती मुंडा, प्रखंड प्रमुख गंगामनी हांसदा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, बीस सूत्री अध्यक्ष भगत बास्के सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।




