
गोइलकेरा: गोइलकेरा हाई स्कूल मैदान में आयोजित शहीद देवेंद्र माझी फुटबॉल लीग-2026 का रोमांचक समापन मंगलवार को हुआ। बारिश के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में परमवीर अल्बर्ट एक्का फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिद्धू कान्हू टाइगर्स को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें परमवीर अल्बर्ट एक्का फुटबॉल क्लब ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मनोहरपुर विधायक जगत माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता टीम को ₹20,000 की नगद राशि एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता सिद्धू कान्हू टाइगर्स को ₹15,000 की नगद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में जमादार अंगरिया को मैन ऑफ द सीरीज तथा सोनाराम बहांदा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर प्रशिक्षण और नियमित प्रतियोगिताओं से क्षेत्र के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी फुटबॉल लीग जैसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल युवाओं को नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी करने की अपील करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
कार्यक्रम में झामुमो नेता अकबर खान, प्रिंस खान सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, ग्रामीण एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। लगातार बारिश के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने मैदान पहुंचकर रोमांचक फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।




