Jamshedpur : गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी समरसता संकल्प अभियान, घर-घर पहुंचेगा सामाजिक समरसता का संदेश
29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक चलेगा अभियान, दीप महोत्सव, समरसता यात्रा और जनसंपर्क कार्यक्रम होंगे आयोजित

- समाज के सभी वर्गों से अभियान में जुड़ने की अपील
जमशेदपुर : जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” की विस्तृत जानकारी दी। साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मेयर सुधा गुप्ता के समर्थन में विशेष प्रार्थना सभा, विधायक सरयू राय को सद्बुद्धि देने की हुई कामना
संत गुरु रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज या वर्ग के संत नहीं थे, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक थे। उनका “बेगमपुरा” दर्शन ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां भेदभाव, अन्याय और शोषण का कोई स्थान न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि सदियों पहले दिया गया उनका सामाजिक समानता और समरसता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। भाजपा इस अभियान के माध्यम से उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करेगी, ताकि समाज में भाईचारे, सद्भाव और समानता की भावना को और मजबूत किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Anandpur : आनंदपुर में 200 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल, विधायक जगत माझी ने शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
समरसता दीप महोत्सव और कलश वंदन अभियान होंगे आकर्षण का केंद्र
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 29 जुलाई की संध्या को जमशेदपुर सहित पूरे राज्य और देश के विभिन्न मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही “कलश वंदन अभियान” के तहत वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के राज्यों, जिलों और मंडलों तक पहुंचाए जाएंगे। कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत डीएलएसए ने लगाई प्रदर्शनी
अक्टूबर से नवंबर तक निकलेगी समरसता यात्रा
भाजपा नेताओं ने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक “संत गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। इसके अलावा अभियान के अंतर्गत संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान, समरसता संवाद, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न जनजागरण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक संत गुरु रविदास के संदेश को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में बिजली चोरों पर विद्युत विभाग का बड़ा शिकंजा, 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
भाजपा ने इसे सामाजिक समरसता का जनआंदोलन बताया
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प का मूल आधार संत गुरु रविदास महाराज के विचार हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर आयोजन समितियों का गठन किया जा रहा है। उन्होंने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह तथा जिला कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




