लगातार बारिश से कच्चे मकान की दीवार ढही, परिवार दहशत में, प्रशासन से राहत की गुहा

गुवा: सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब ग्रामीण इलाकों में तबाही का कारण बनने लगी है। छोटानागरा पंचायत अंतर्गत दुबिल गांव निवासी रूइदास आईन्द के कच्चे मिट्टी के मकान की एक पूरी किनारे की दीवार सोमवार को तेज बारिश के दौरान भरभराकर ढह गई। हालांकि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

परिजनों ने बताया कि कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की अन्य दीवारें भी कमजोर हो चुकी हैं और कभी भी गिर सकती हैं। ऐसे में पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है। बारिश के कारण वे घरेलू सामान के साथ किसी सुरक्षित स्थान पर भी नहीं जा पा रहे हैं और क्षतिग्रस्त मकान में ही रहने को विवश हैं।

दीवार गिरने के बाद मकान पूरी तरह खुल गया है, जिससे बारिश का पानी सीधे घर के अंदर प्रवेश कर रहा है। साथ ही सांप, बिच्छू एवं अन्य विषैले जीव-जंतुओं के घर में घुसने का खतरा भी बढ़ गया है। परिवार को बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता सता रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त मकान का सर्वे कराने तथा सरकारी आवास योजना के तहत आवास और उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि परिवार को सुरक्षित आश्रय मिल सके और किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।




