
मनोहरपुर: मनोहरपुर के बिरसा फुटबॉल मैदान, मनीपुर में आरसी क्लब मनीपुर द्वारा आयोजित स्व. देवेंद्र मांझी मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। रोमांचक मुकाबले में द्रीपशीला बॉयज क्लब ने पानी टंकी बॉयज क्लब को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक जगत मांझी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किक लगाकर मैच का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की भावना विकसित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। विधायक ने कहा कि स्व. देवेंद्र मांझी की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।
समापन समारोह में विधायक ने विजेता द्रीपशीला बॉयज क्लब और उपविजेता पानी टंकी बॉयज क्लब को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारी, सदस्य, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




