वार्ड 21 में ट्रांसफार्मर की सुरक्षा पर उठे सवाल, कचरा पेटी की व्यवस्था की मांग तेज

चाईबासा: चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 की मूलभूत समस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रत्याशी देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर वार्ड में खुले में लगे बड़े विद्युत ट्रांसफार्मर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे आम लोगों की जान के लिए खतरा बताया है।

उन्होंने कहा कि वार्ड में स्थापित बड़ा बिजली ट्रांसफार्मर बिना किसी सुरक्षा घेराबंदी के खुले में लगा हुआ है। ट्रांसफार्मर के आसपास कोई सुरक्षा बैरिकेड या फेंसिंग नहीं होने के कारण लोग उसके पास ही कचरा फेंक रहे हैं। इससे एक ओर गंदगी फैल रही है तो दूसरी ओर किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। विशेषकर बरसात के मौसम में यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।
देवी शंकर दत्ता ने बताया कि वार्ड में कचरा पेटी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को मजबूरी में खुले स्थानों पर कचरा फेंकना पड़ रहा है। इससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है और स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या की जानकारी कई बार नगर परिषद एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भविष्य में ट्रांसफार्मर से जुड़ी कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वार्ड संख्या 21 में लगे ट्रांसफार्मर के चारों ओर जल्द से जल्द सुरक्षा घेराबंदी कराई जाए तथा पर्याप्त संख्या में कचरा पेटियां उपलब्ध कराई जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिले और संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके। वार्डवासियों ने भी इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।




