छह साल पहले मृत मानकर किया अंतिम संस्कार, अब यूपी की जेल में उम्रकैद की सजा काटता मिला युवक

गोइलकेरा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड के बोरोई गांव निवासी 38 वर्षीय दुगा मारला उर्फ दोगे की कहानी ने सभी को हैरान कर दिया है। वर्ष 2020 में रोजगार की तलाश में उत्तर प्रदेश जाने के बाद वह लापता हो गया था। लंबे समय तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने उसे मृत मान लिया और पारंपरिक रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया। उसकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली, जबकि तीन बच्चों की जिम्मेदारी उसके भाई ने संभाली।

बाद में पता चला कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में वर्ष 2021 में हत्या के मामले में गिरफ्तार होने के बाद दुगा मारला जेल में बंद था। अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर उसे आजीवन कारावास और एक हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। परिवार को 2025 में व्हाट्सएप पर इसकी सूचना मिली थी, लेकिन उसे अफवाह समझकर नजरअंदाज कर दिया गया। अदालत के फैसले के बाद यह पुष्टि हुई कि जिसे परिवार छह साल पहले मृत मान चुका था, वह जीवित है और गोरखपुर जेल में सजा काट रहा है।




