
- पत्नी की बिगड़ी तबीयत, वृद्ध पिता का रो-रोकर बुरा हाल
- ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया
बहरागोड़ा : आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली स्टेशन के पास हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में बहरागोड़ा प्रखंड के ब्राह्मणकुंडी निवासी 33 वर्षीय मजदूर शशधर मुंडा की मौत हो गई। गुरुवार शाम जब उनका शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल बन गया। रोजी-रोटी की तलाश में आंध्र प्रदेश गए शशधर मुंडा परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त करने लगे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मूसलाधार बारिश ने खोली जलनिकासी व्यवस्था की पोल
इकलौते सहारे को खोकर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अपने बेटे को खोने के बाद वृद्ध पिता नारायण मुंडा गहरे सदमे में हैं और बेसुध होकर बेटे का चेहरा निहारते रहे। वहीं पति की असमय मृत्यु से पत्नी सपना मुंडा की तबीयत बिगड़ गई और वे बार-बार बेहोश होने लगीं। स्थिति गंभीर होने पर स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर उनका प्राथमिक उपचार कराया गया तथा सेलाइन चढ़ाई गई। परिवार के सामने अब आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और ग्रामीण पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने की बात कह रहे हैं।




