8महीने से पेंशन बंद, बुजुर्ग और दिव्यांगों का छलका दर्द: “महिला सम्मान योजना मिल रही, लेकिन हमारा सहारा कब?

राजनगर:झारखंड में एक ओर सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाभुकों तक सहायता पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर कई बुजुर्ग, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारकों को पिछले करीब आठ महीनों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिलने का आरोप सामने आया है। पेंशन बंद रहने से आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय लोगों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
राजनगर प्रखंड के कोलाबड़िया गांव के बुजुर्ग और दिव्यांग लाभुकों ने मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वे महीनों से पेंशन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार संबंधित कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। पेंशन नहीं मिलने से दवा, इलाज और दैनिक खर्च चलाना बेहद कठिन हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी समस्या पर अब तक न तो प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट पहल दिखाई दी है और न ही जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। लाभुकों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि लंबित पेंशन राशि का जल्द भुगतान कराया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
कोलाबड़िया गांव के बुजुर्गों और दिव्यांगों ने उम्मीद जताई है कि उनकी आवाज संबंधित अधिकारियों तक पहुंचेगी और शीघ्र कार्रवाई कर उनकी रुकी हुई पेंशन जारी की जाएगी।




