छोटानागरा मंडल पहुंचीं गीता कोड़ा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग

चाईबासा: झारखंड भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा मंडल क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।

बारिश के बीच छाते के नीचे आयोजित बैठक में गीता कोड़ा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए, ताकि सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उन्होंने लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस मौसम में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। साथ ही उन्होंने सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीवों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने की अपील की।

गीता कोड़ा ने प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं तथा पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दूरदराज के गांवों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई, ताकि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।




