22 जुलाई को होगी बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर रहेगा फोकस
22 जुलाई को होगी बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर रहेगा फोकस

चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत 22 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी संबंधित क्षेत्रों में बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक तथा चुनाव पाठशाला की तृतीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 12 बजे तक होगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि बैठक में एएसडीडी (ASDD) सूची को अंतिम रूप देने, प्राप्त गणना प्रपत्रों के संकलन एवं सत्यापन, एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित करने समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं एवं दस्तावेजों का परीक्षण कर उन्हें संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) एवं संबंधित पदाधिकारियों से बैठक में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
उन्होंने जिले के नागरिकों से भी मतदाता सूची के सत्यापन एवं पुनरीक्षण कार्य में प्रशासन का सहयोग करने तथा आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित पक्षों के समन्वित प्रयास से पश्चिमी सिंहभूम जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान सफलतापूर्वक संपन्न होगा।




