Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Dumaria : डुमरिया की बदहाल बिजली व्यवस्था पर भाजपा का प्रदर्शन, चार सूत्री मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन

बारिश होते ही ठप हो जाती है बिजली आपूर्ति, अस्ती और रांगामाटिया फीडर की समस्याओं के समाधान की मांग

  • जनता की परेशानी दूर करने के लिए विभाग से ठोस पहल की अपेक्षा

डुमरिया : डुमरिया प्रखंड में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति और जर्जर बिजली व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विद्युत विभाग के समक्ष अपनी नाराजगी जताई है। भाजपा प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार पांडा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, जमशेदपुर के नाम सहायक विद्युत अभियंता, घाटशिला के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि डुमरिया विद्युत सब-डिवीजन के अंतर्गत आने वाले अस्ती फीडर एवं रांगामाटिया फीडर की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। हल्की बारिश या बूंदाबांदी होते ही दोनों फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे पूरे प्रखंड के लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ता है। इसके अलावा कई स्थानों पर खराब इंसुलेटर और तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं को नियमित एवं निर्बाध बिजली नहीं मिल पा रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे आम लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : आदित्यपुर और कपाली की पेयजल योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, 31 जुलाई तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

अलग और सुदृढ़ विद्युत व्यवस्था की मांग, शीघ्र कार्रवाई का आग्रह

भाजपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में चार प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है। इनमें अस्ती एवं रांगामाटिया फीडर के लिए 11 केवी एबी स्विच उपलब्ध कराने, रांगामाटिया फीडर में उच्च गुणवत्ता वाले इंसुलेटर लगाने, डुमरिया विद्युत विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की स्थायी पदस्थापना सुनिश्चित करने तथा डुमरिया विद्युत सब-डिवीजन को अस्ती फीडर से जोड़कर प्रखंड के लिए अलग एवं मजबूत विद्युत व्यवस्था विकसित करने की मांग की गई है। भाजपा प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार पांडा ने कहा कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में आवश्यक सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने विभाग से जनहित को प्राथमिकता देते हुए मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। ज्ञापन सौंपने के दौरान सांसद प्रतिनिधि बसंत कुमार मदीना, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष मृत्युंजय दंडपाट, महामंत्री विशू माझी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे और क्षेत्र की बिजली समस्याओं के समाधान की मांग दोहराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!