
- आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा मजबूत प्रतिनिधित्व
चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम की जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम Odisha Minerals Development Company Limited (ओएमडीसी) का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति पर भाजपा पश्चिमी सिंहभूम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गीता बालमुचू को बधाई दी है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह नियुक्ति केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड, कोल्हान, पश्चिमी सिंहभूम और आदिवासी समाज के सम्मान का प्रतीक है। भाजपा का कहना है कि केंद्र सरकार विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासी समाज की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में अवसर देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में नवग्रह वाटिका का शिलान्यास, सरयू राय ने लगाया पीपल का पौधा
संगठन और जनसेवा में सक्रिय रही हैं गीता बालमुचू
भाजपा नेताओं ने बताया कि गीता बालमुचू लंबे समय से संगठन और जनसेवा से जुड़ी रही हैं। उन्होंने चाईबासा नगर परिषद का चुनाव जीतकर अध्यक्ष के रूप में पांच वर्षों तक कार्य किया तथा शहर के विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण योजनाओं का नेतृत्व किया। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें 52 चाईबासा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था। इसके अलावा उन्होंने पार्टी संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच अपनी पहचान बनाई है। भाजपा ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में राजनीतिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक निभाया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रथयात्रा के पावन अवसर पर काशीडीह में दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 के भव्य पंडाल का भूमि पूजन संपन्न
खनन क्षेत्र में नीतिगत भूमिका निभाएंगी स्वतंत्र निदेशक
भाजपा के अनुसार, ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी देश के खनन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपक्रम है। स्वतंत्र निदेशक के रूप में गीता बालमुचू खनन क्षेत्र से जुड़े नीतिगत निर्णयों, पारदर्शिता, जनहित, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सामाजिक दायित्वों से संबंधित विषयों में अपनी भूमिका निभाएंगी। पार्टी का मानना है कि इस नियुक्ति से खनिज संपदा से समृद्ध आदिवासी क्षेत्रों की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से पहुंचेगी। भाजपा ने इसे आदिवासी युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि गीता बालमुचू अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली के बल पर इस नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी। इसकी जानकारी भाजपा पश्चिमी सिंहभूम के जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।




