Manoharpur : करैत सांप के काटने से 12 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर

मनोहरपुर : आनंदपुर प्रखंड के बेड़ातुलुंडा गांव में शुक्रवार तड़के जहरीले करैत (चित्ती) सांप के डसने से 12 वर्षीय सरस्वती तुरीन की हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, बच्ची घर में जमीन पर सो रही थी। तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच करैत सांप ने उसकी दाहिनी हथेली पर डस लिया। कुछ देर बाद दर्द होने पर उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने सांप को मार दिया, लेकिन तत्काल वाहन नहीं मिलने के कारण उसे अस्पताल पहुंचाने में देरी हो गई। सुबह करीब 9:45 बजे उसे मनोहरपुर सीएचसी लाया गया।

सीएचसी में बच्ची को तत्काल एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) सहित आवश्यक उपचार दिया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अस्पताल लाने में हुई देरी के कारण बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में फुटबॉल खिलाड़ियों के बीच कांग्रेस नेता सलीम कुरैशी ने किया खेल सामग्री का वितरण




