Jamshedpur : हिमांशु सिंह के परिजनों से मिला झामुमो प्रतिनिधिमंडल, जताई गहरी संवेदना
दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग, मुख्यमंत्री को भी दी गई जानकारी

- न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास का भरोसा
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार में 27 जून को हुई घटना में मृतक हिमांशु सिंह के आदित्यपुर स्थित आवास पर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान झामुमो नेताओं ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने इस घटना को दुखद बताते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
इसे भी पढ़ें : Kiriburu : किरीबुरू में जंगली हाथी की दस्तक से दहशत, ड्रोन से निगरानी कर रहा वन विभाग
दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों से की बातचीत
मौके पर मौजूद कुणाल षाड़ंगी ने दूरभाष के माध्यम से जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों और राज्य की पुलिस महानिदेशक से बातचीत कर मामले में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा दोषी पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को भी दी गई है। झामुमो नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री ने मामले पर नजर बनाए रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर प्रमोद लाल, अजय रजक, इंद्रजीत घोष, मो. समद, अभय पाण्डेय, अंकित सिंह, प्रीतम हेंब्रम, राकेश राव, रवि कुमार, बंटी सिंह, प्रकाश चंद्र झा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




