बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना शुरू करने की मांग को लेकर महिलाओं ने डीसी कार्यालय का किया घेराव

जमशेदपुर, 19 जून: बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना को जल्द चालू करने तथा रामनगर और लकड़िया बागान बस्ती में वर्षों से लंबित पाइपलाइन बिछाने की मांग को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन का नेतृत्व बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष सुबोध झा ने किया।

सुबोध झा ने बताया कि वर्ष 2015-16 में पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों से जल कनेक्शन देने के नाम पर 450 रुपये प्रति परिवार की दर से राशि वसूली गई थी। इसके बावजूद वर्ष 2026 तक न तो संबंधित बस्तियों में पाइपलाइन बिछाई गई और न ही ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत नियमित जलापूर्ति शुरू हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग लगातार समय देकर लोगों को आश्वासन देता रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।

प्रदर्शन के दौरान उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातें सुनने के बाद मामले में त्वरित हस्तक्षेप करते हुए कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार से फोन पर बात कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सुमित कुमार ने बताया कि मामला उनके अधिकार क्षेत्र का नहीं है और यह पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जमशेदपुर के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार से संबंधित है। इसके बाद उन्होंने सुनील कुमार को उपायुक्त के निर्देशों से अवगत कराया।
बताया गया कि सुनील कुमार रांची में विभागीय बैठक में होने के कारण उपस्थित नहीं थे। उनके निर्देश पर प्रदर्शनकारी महिलाओं और समिति के सदस्यों को विभागीय कार्यालय भेजा गया, जहां एसडीओ शिवकुमार दिनकर ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान सुबोध झा ने सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र के साथ जल कनेक्शन शुल्क की रसीदें और आधार कार्ड की प्रतियां विभाग को सौंपीं। उन्होंने लंबित कार्यों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी मांगी।
एसडीओ शिवकुमार दिनकर ने आश्वासन दिया कि जुलाई माह तक फिल्टर प्लांट तक पाइपलाइन बिछाने सहित आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से पहले एक जलमीनार (टंकी) से लगभग 2,000 घरों में जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही रामनगर और लकड़िया बागान बस्ती में पाइपलाइन विस्तार का कार्य भी जुलाई के अंत तक पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

घेराव और प्रदर्शन कार्यक्रम में पवित्रा पांडे, अंजू देवी, मंजू देवी, सरिता सिंह, रजनी तिवारी, कृष्ण सिंह, ललिता देवी, रितु शर्मा, सुमित्रा मिश्रा, पूनम चौधरी, निशि देवी, रिंकू सेन, पिंकू देवी, रीता देवी, शांति देवी, कुसुम सिंह, मीना चौधरी, आशा मिश्रा, अजय कुमार पांडे, बबीता देवी, रुक्मणी सिंह, डीके सिंह, राकेश चौधरी, सविता देवी, आरती कुमारी समेत सैकड़ों महिलाएं शामिल थीं।




