*27 नवंबर से जिले में चलेगा कुष्ठ रोगी खोज अभियान, 19.51 लाख लोगों की होगी जांच*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में कुष्ठ रोग की रोकथाम, संभावित मरीजों की पहचान, जांच और उपचार की व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. मीना कालुण्डिया, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा, चिकित्सक डॉ. मीनू कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडेलवाल सहित चिकित्सा पदाधिकारी, मल्टी पर्पस वर्कर, पैरामेडिकल वर्कर और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने 1 अप्रैल से 30 अक्टूबर 2026 तक चले कुष्ठ रोग खोज अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले में 27 नवंबर से 27 दिसंबर तक विशेष कुष्ठ रोगी खोज अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के 1718 गांवों और दो शहरी क्षेत्रों में कुल 19,51,267 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को घर-घर जाकर लोगों की जांच करने और संभावित मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। अभियान की निगरानी के लिए विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और क्षेत्रवार जांच की जानकारी नियमित रूप से साझा करने को कहा।
उपायुक्त ने जिले के प्रत्येक सप्ताह तीन विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया। इसमें विद्यार्थियों को टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, तंबाकू सेवन के दुष्परिणाम, नशा मुक्ति और फाइलेरिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करना जरूरी है। संभावित लक्षण दिखने पर बिना डर के जांच करानी चाहिए। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील की। कुष्ठ रोग से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन के लिए जिला प्रशासन ने **9955121082** संपर्क नंबर जारी किया है।




