सड़क सुरक्षा को लेकर लर्निंग लाइसेंस आवेदकों और ऑटो चालकों को किया गया जागरूक, यातायात नियमों के पालन की दी गई जानकारी

सरायकेला-खरसावाँ: उपायुक्त सरायकेला-खरसावाँ के निर्देशानुसार एवं जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शांकचार्य सामद के नेतृत्व में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जिला परिवहन कार्यालय में लर्निंग लाइसेंस (LL) के आवेदकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा और यातायात संकेतों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। आवेदकों को नशे की अवस्था में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति भी जागरूक किया गया।
वहीं, राजनगर हाट-बाजार में ऑटो चालकों के बीच विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान चालकों को ओवरलोडिंग से बचने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने, बाजार क्षेत्र में वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने तथा यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी गई।
जिला परिवहन विभाग ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की। विभाग के अनुसार सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों, हाट-बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।




