*पर्यटन स्थलों के विकास और खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर, चाईबासा-चक्रधरपुर में बनेंगे बहुउद्देशीय खेल परिसर*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में सांसद जोबा माझी की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद और जिला खेल संचालन समिति की बैठक हुई। इसमें जिले के पर्यटन स्थलों के विकास, स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
बैठक में मझगांव विधायक निरल पूर्ति, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश और चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव सहित वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक में जिले के ए, बी और सी श्रेणी में अधिसूचित 15 पर्यटन स्थलों की स्थिति की समीक्षा की गई। अन्य संभावित पर्यटन स्थलों को भी अधिसूचित करने के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी गई। केरा मंदिर मेला और रामतीर्थ मेला को राजकीय मेला घोषित करने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। पर्यटन स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाने, प्रखंड कार्यालयों के पास सेल्फी प्वाइंट विकसित करने और प्रखंडों की सीमाओं पर सौंदर्यीकरण कराने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। बांस शिल्प, पत्थर शिल्प और सजावटी सामग्री बनाने वाले स्थानीय कारीगरों को प्रशिक्षण देकर उनके उत्पादों की अलग पहचान बनाने पर भी जोर दिया गया। जलाशयों में नौका विहार और वन क्षेत्रों में ट्रैकिंग की संभावनाएं तलाशने की बात कही गई। गुदड़ी प्रखंड में मोबाइल टावर लगाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
जिला खेल संचालन समिति की बैठक में जिले के पांच आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्रों की समीक्षा की गई। यहां फुटबॉल, तीरंदाजी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचानकर बेहतर प्रशिक्षण और खेल सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। विद्यालयों के बड़े मैदानों को स्टेडियम के रूप में विकसित करने पर भी विचार हुआ।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के लिए ‘नशा छोड़ो, खेल से नाता जोड़ो’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में चाईबासा और चक्रधरपुर में बहुउद्देशीय खेल परिसर बनाने, चाईबासा इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था करने तथा जिला स्कूल चाईबासा परिसर में खिलाड़ी छात्रावास बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को योजनाओं की व्यवहार्यता और संसाधनों का आकलन कर आगे की कार्रवाई करने को कहा गया।




