पारडीह चौक पर शहीद निर्मल महतो की मूर्ति खंडित, कंपनी बस ने मारी टक्कर; आक्रोशित लोगों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर। जमशेदपुर के पारडीह चौक पर मंगलवार देर रात एक कंपनी की बस की टक्कर से शहीद निर्मल महतो की मूर्ति खंडित हो गई। बताया जा रहा है कि बस डिमना चौक की ओर से आ रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सीधे मूर्ति से जा टकराई, जिससे मूर्ति को काफी नुकसान पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर आजादनगर थाना और मानगो थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं कंपनी के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोगों और कंपनी प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई। मध्यस्थता के बाद फिलहाल मामले को शांत कराया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को इस मामले को लेकर एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मूर्ति के पुनर्निर्माण समेत आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि 25 दिसंबर को शहीद निर्मल महतो की जयंती भी मनाई जाएगी। ऐसे में उससे पहले अगर मूर्ति का जल्द पुनर्निर्माण कर उसे तैयार नहीं किया गया तो स्थानीय लोग बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी बनी हुई है।




