चाईबासा में छठ पूजा पर वाराणसी की तर्ज पर होगी भव्य गंगा आरती, दो छठ घाटों पर होगा विशेष आयोजन

चाईबासा: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर छठी मैया परिवार, चाईबासा की ओर से शहर में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। वाराणसी की तर्ज पर मां गंगा की आरती चाईबासा के करणी मंदिर छठ घाट एवं कुम्हारटोली छठ घाट पर की जाएगी।
छठी मैया परिवार की ओर से बताया गया कि छठ महापर्व के दौरान दोनों घाटों पर संध्या और सुबह मां गंगा की आरती आयोजित होगी। इसका उद्देश्य छठ पूजा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को बढ़ाना तथा श्रद्धालुओं को भक्ति और आस्था से जोड़ना है।
आयोजकों ने बताया कि वाराणसी की प्रसिद्ध गंगा आरती की तर्ज पर होने वाले इस आयोजन में श्रद्धालु मां गंगा की आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
छठी मैया परिवार ने चाईबासा के सभी शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर दोनों छठ घाटों पर पहुंचकर मां गंगा की आरती में शामिल हों और इस धार्मिक आयोजन के सहभागी बनें।




