*विद्यालय प्रमाणीकरण में पश्चिमी सिंहभूम के 58 स्कूल चयनित, जल्द होगा सम्मान समारोह*

चाईबासा: झारखंड राज्य शिक्षा परियोजना के विद्यालय प्रमाणीकरण कार्यक्रम के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के 58 विद्यालयों का चयन विभिन्न श्रेणियों में किया गया है। जुलाई से सितंबर 2026 तक आयोजित राउंड-3 और राउंड-4 के संयुक्त आकलन में इन विद्यालयों ने निर्धारित मानकों के आधार पर स्थान हासिल किया है। इसे जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर विद्यालय प्रबंधन और शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्राप्त परिणाम के अनुसार, चयनित विद्यालयों में 2 को गोल्ड, 47 को सिल्वर और 9 विद्यालयों को कांस्य श्रेणी में जगह मिली है। इस कार्यक्रम के तहत विद्यालयों का आकलन विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया। इसमें विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रबंधन और विद्यार्थियों के विकास से जुड़े पहलुओं को महत्व दिया गया।
इस उपलब्धि पर पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने चयनित विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में शिक्षकों की सक्रिय भूमिका, प्राचार्यों का नेतृत्व और विद्यार्थियों की नियमित सहभागिता महत्वपूर्ण है। विद्यालयों का चयन शिक्षकों और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना, शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाना और विद्यार्थियों में सीखने की रुचि विकसित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अन्य विद्यालयों से भी चयनित स्कूलों से प्रेरणा लेकर अपनी शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यालय प्रबंधन में सुधार करने की अपील की।
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि चयनित विद्यालयों की उपलब्धि के सम्मान में जल्द ही जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करना और जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है।




