*मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर जागरूकता वाहन रवाना*
*मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, मतदाताओं को दी जाएगी जरूरी जानकारी*

चाईबासा: मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार और आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए जागरूकता वाहन रवाना किया गया। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग के सचिव के. रवि कुमार ने सिंहभूम प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान गुब्बारे उड़ाकर जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही हस्ताक्षर पट्टिका पर हस्ताक्षर, सेल्फी और रंगोली जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी मतदाता सूची पुनरीक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।
जागरूकता वाहन के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, सूची में दर्ज विवरण की जांच करने और जरूरत पड़ने पर उसमें संशोधन कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा। अभियान के जरिए लोगों को यह जानकारी दी जाएगी कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है, ताकि वे निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
कार्यक्रम में स्वच्छ, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची के महत्व पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने जनभागीदारी के माध्यम से मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफल बनाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।




