कोल्हान

*पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सिखाए तनाव मुक्त रहने के तरीके*

*चाईबासा पुलिस केंद्र में स्ट्रेस मैनेजमेंट कार्यक्रम आयोजित, करीब 90 पदाधिकारी और जवान हुए शामिल*

चाईबासा: पुलिस केंद्र, चाईबासा के सभागार में मंगलवार को तनाव मुक्त रहने और स्ट्रेस मैनेजमेंट को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को दैनिक जीवन में तनाव से बचने तथा काम के दबाव के बीच खुद को मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के तरीके बताए गए। कार्यक्रम में करीब 90 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जय राजू, सार्जेंट मेजर मंसू गोप, यातायात प्रभारी संतोष कुमार, उपस्कर प्रभारी प्रतीक कुमार सहित पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। एकजुट एनजीओ की ओर से पहुंचे प्रत्यूष कुमार ने तनाव प्रबंधन के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी और उपस्थित पुलिसकर्मियों को उनका अभ्यास भी कराया।

प्रत्यूष कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। घटना-दुर्घटना, सामाजिक गतिविधियों, पूजा-त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण तनाव बढ़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि व्यक्ति अपने तनाव को पहचाने और उसे नियंत्रित करने के तरीके सीखे।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए इस तरह का कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण है। पुलिस की नौकरी में हमेशा जिम्मेदारियां बनी रहती हैं। कभी घटनाओं से निपटना पड़ता है, तो कभी सामाजिक गतिविधियों और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है। इसके साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां भी रहती हैं। ऐसे में तनाव मुक्त रहने के तरीके सीखना अच्छी पहल है। इससे पुलिसकर्मियों को अपने काम और निजी जीवन के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिलेगी।

यातायात प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पुलिस केंद्र में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सभी संबंधित पदाधिकारी और जवान शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को तनाव मुक्त रहने के तरीके सिखाना सभी के लिए लाभकारी है। इससे वे अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभा सकेंगे।

कार्यक्रम में सिपाही ताराचंद महतो ने भी तनाव प्रबंधन के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए मानसिक रूप से शांत और संतुलित रहना जरूरी है। इस तरह के कार्यक्रमों से तनाव से निपटने की समझ विकसित होती है। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अपने दैनिक जीवन में तनाव कम करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!