*रोटरी क्लब के शिविर में 321 विद्यार्थियों की दंत और नेत्र जांच*

चाईबासा: रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा में निःशुल्क दंत एवं नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के 321 विद्यार्थियों की दांतों और आंखों की जांच की गई। साथ ही उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
इस शिविर का आयोजन रोटेरियन हीना ठक्कर ने अपने स्वर्गीय पति रोटेरियन एन. के. ठक्कर की पुण्य स्मृति में प्रायोजित किया। रोटरी क्लब ने इस सामाजिक पहल के लिए हीना ठक्कर के प्रति आभार व्यक्त किया।
रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष अमित पोद्दार ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना और उनकी आंखों की सही देखभाल उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी है। रोटरी क्लब शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रहा है। विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों तक जरूरी चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा रोटरी की पहचान है और आगे भी जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार की ओर से आचार्य सुरेश कुमार, उमाशंकर पांडे, संजय कुमार, सुजाता कुमारी, विजय कुमार, अनिल प्रसाद वर्मा, नीतू डे, अयोध्या पांडेय, शशि रंजन और राजेश्वरी डे ने सहयोग किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब की ओर से महेश खत्री, सुशील मूंधड़ा, सुनीत खिरवाल, डॉ. वीणा मूंधड़ा, दीपक प्रसाद और रमेश चंद्र दत्तानी उपस्थित रहे।
शिविर में प्रसाद डेंटल केयर के डॉ. प्रतीक प्रसाद एवं संजीव नेत्रालय, चाईबासा की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों की दंत एवं नेत्र जांच कर उन्हें जरूरी परामर्श दिया। रोटरी क्लब और विद्यालय परिवार ने दोनों चिकित्सा टीमों के सहयोग की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के लिए लाभकारी हैं। इनसे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान करने में मदद मिलती है। विद्यालय परिवार ने रोटरी क्लब के प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा ने चिकित्सकों, विद्यालय परिवार, सहयोगी सदस्यों और प्रायोजक के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब ने समाजहित में स्वास्थ्य एवं सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।




